हरिद्वार। पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में एसपी ट्रैफिक जितेंद्र मेहरा की अध्यक्षता में आगामी चार धाम यात्रा को लेकर गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें यातायात प्रभारी निरीक्षक, सीपीयू अधिकारी और जनपद हरिद्वार व रुड़की में तैनात यातायात उप निरीक्षकों ने भाग लिया।
गोष्ठी में यात्रा के दौरान संभावित यातायात समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की गई। रुड़की और हरिद्वार के शहरी व देहात क्षेत्रों में बॉटल नेक प्वाइंट और ट्रैफिक साइनेज का आकलन कर आवश्यक स्थानों पर साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए। चार धाम यात्रा के दौरान होल्डिंग और डायवर्जन की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। साथ ही, एसपी ट्रैफिक ने श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।