हरिद्वार। शहर कोतवाली पुलिस ने एक होटल में आईसीसी अध्यक्ष जय शाह का फर्जी निजी सचिव बनकर ठहरे एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने होटल में ठहरकर लोगों को फर्जी मीटिंग के लिए बुलाया और होटल की सुविधाएं लीं। उसके पास से फर्जी बीसीसीआई आईडी कार्ड भी बरामद हुआ, जिसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को खड़खड़ी स्थित होटल उदमन आर्चिड के रिसेप्शनिस्ट विशाल पोखरियाल ने इस मामले की शिकायत शहर कोतवाली में दर्ज कराई थी। बताया कि 5 मार्च से एक व्यक्ति अपने को आईसीसी अध्यक्ष बताकर हमारे होटल में रहकर सुविधाएँ ले रहा है तथा लोगों को बुलाकर फर्जी मीटिंग भी कर रहा है। जिसका नाम अमरिंदर सिंह (35 वर्ष) पुत्र किक्कर सिंह, निवासी नाजूशाह, थाना कुलगढ़ी, जिला फिरोजपुर, पंजाब है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सम्बन्धित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने होटल में छापेमारी कर आरोपी अमरिंदर सिंह को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक फर्जी बीसीसीआई आईडी कार्ड भी बरामद हुआ, जिसमें जय शाह और आरोपी की फोटो लगी थी, साथ ही जय शाह के हस्ताक्षर भी थे। कार्ड पर अशोक स्तंभ और बीसीसीआई का लोगो भी मौजूद था।
गिरफ्तारी में पुलिस टीम के वरिष्ठ उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद रमोला, उप निरीक्षक संजीत कंडारी, अपर उप निरीक्षक दीपक ध्यानी के साथ कांस्टेबल राकेश नेगी और राहुल धानिक शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है और आगे की जांच जारी है।