अगस्त्यमुनि में फूलदेई महोत्सव का भव्य आयोजन, मतदान जागरूकता का भी दिया संदेश

अगस्त्यमुनि (रुद्रप्रयाग)। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ गहरवार के निर्देशन में अगस्त्यमुनि स्पोर्ट्स मैदान में स्वीप (SVEEP) और दस्तक पहाड़ के तत्वावधान में फूलदेई महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने अगस्त्यमुनि के मुख्य बाजार में घोघा माता की डोली यात्रा निकाली, जिसमें बच्चों ने पारंपरिक परिधानों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान स्वीप टीम ने उपस्थित लोगों को मतदान की महत्ता के बारे में जागरूक करते हुए आगामी पंचायत चुनाव में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की। टीम ने बताया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर मतदाता की भागीदारी आवश्यक है। इस मौके पर “हमारा कारवां” पुस्तक का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती ऐश्वर्या रावत, अति विशिष्ट अतिथि नगर पालिका रुद्रप्रयाग के अध्यक्ष संतोष रावत और सम्मानित अतिथि नगर निगम श्रीनगर की मेयर आरती भंडारी उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने पर्वतीय संस्कृति को सहेजने के लिए इस आयोजन की सराहना की और इसे एक महत्वपूर्ण पहल बताया। मुख्य अतिथि श्रीमती ऐश्वर्या रावत ने कहा कि फूलदेई महोत्सव हमारी सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है, जिससे हमारी परंपराएँ जीवंत रहती हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है। साथ ही, मतदान जागरूकता अभियान को इसमें शामिल करना एक सराहनीय प्रयास है। नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर मतदाता को जागरूक होना जरूरी है। वहीं, नगर निगम श्रीनगर की मेयर आरती भंडारी ने कहा कि हमारी संस्कृति और परंपराएँ हमें समाज से जोड़ती हैं और अपनी जड़ों से जोड़े रखती हैं। इस आयोजन में बच्चों और युवाओं की भागीदारी देखकर हृदय गदगद हो गया। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में जनपद के यूथ आइकन लखपत सिंह राणा ने अपने शानदार लोकगीतों से समां बांध दिया, जिससे पूरा मैदान उत्साह से भर गया। फूलदेई महोत्सव में घोघा जातरा का भी आयोजन किया गया, जिसमें जूनियर वर्ग में इंद्रासणी टीम जैली प्रथम और भावेश घोघा टीम द्वितीय स्थान पर रही। सीनियर वर्ग में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज तैला की टीम प्रथम स्थान पर रही, जबकि गुरुकुल नेस पब्लिक स्कूल दूसरे स्थान पर रहा। सर्वश्रेष्ठ गायन में राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुमड़ी विजेता रहा। इस दौरान आयोजन समिति में दीपक बेंजवाल, हरीश गुसाईं, कालिका कांडपाल तथा प्रेस क्लब समिति के अध्यक्ष कुलदीप राणा “आजाद” मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *