सिडकुल पेट्रोल पंप लूट: पुलिस ने तीन बदमाशों को किया गिरफ्तार, ₹3900 और बाइक बरामद

हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में स्थित एक पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने महज कुछ घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और ₹3900 नकद बरामद किए हैं।

शिकायतकर्ता राजेंद्र अग्रवाल ने थाना सिडकुल में तहरीर दी कि उनके पेट्रोल पंप पर कार्यरत कर्मचारी रामचंद्र के साथ तीन अज्ञात व्यक्तियों ने मारपीट की और उसकी जेब से ₹5500 लूट लिए। इसके अलावा, बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर तोड़फोड़ भी की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 123/2025, धारा 309(6)/324(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर थाना सिडकुल पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक और मैनुअल सर्विलांस के माध्यम से बदमाशों की पहचान कर 15 मार्च 2025 को रावली महदूद तिराहे के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। उनके पास से लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (नंबर UP11AL-8917) और ₹3900 नकद बरामद किए गए।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अंकित (ग्राम मोहनपुर गुर्जर, थाना रामपुर मनिहारान, सहारनपुर), पंकज कुमार और मनीष कुमार (दोनों निवासी करियापुर डेरापुर, थाना अमराहट, कानपुर देहात) के रूप में हुई। तीनों फिलहाल हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में रह रहे थे। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए मुकदमे में धारा 317(2)/3(5) BNS की वृद्धि कर दी है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना अध्यक्ष मनोहर सिंह भंडारी, उप-निरीक्षक अनिल बिष्ट, हेड कांस्टेबल संजय तोमर और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *