मुख्यमंत्री ने उज्बेकिस्तान में उत्तराखंड दिवस पर वर्चुअल संबोधन दिया

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार, 17 मार्च 2025 को ताशकंद स्थित भारतीय दूतावास में आयोजित व्यापार, निवेश और पर्यटन संवर्धन कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया। उन्होंने उत्तराखंड दिवस के आयोजन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पहली बार है जब उत्तराखंड को उज्बेकिस्तान में इस तरह का एक अभिनव मंच मिला है। भारत और उज्बेकिस्तान 2011 से आपसी संबंध साझा कर रहे हैं, और यह आयोजन दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करेगा।

मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखंडवासियों से राज्य में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने प्रवासी बंधुओं की सुविधा के लिए प्रभावी व्यवस्थाएं बनाई हैं। हाल ही में आयोजित प्रवासी उत्तराखंड सम्मेलन में बड़ी संख्या में प्रवासियों ने भाग लिया और राज्य के विकास में सहयोग का आश्वासन दिया।

उत्तराखंड को निवेशकों के लिए एक आदर्श राज्य बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत, आध्यात्मिक स्थल, वेलनेस टूरिज्म, आयुर्वेद और एडवेंचर टूरिज्म इसे एक विशेष पहचान देते हैं। उत्तराखंड की बेहतर हवाई कनेक्टिविटी, विश्व स्तरीय सड़कों का नेटवर्क, मजबूत कानून व्यवस्था और स्थिर राजनीतिक नेतृत्व इसे निवेशकों के लिए आकर्षक बनाते हैं।

मुख्यमंत्री ने उज्बेकिस्तान के पर्यटकों और निवेशकों को उत्तराखंड में निवेश और पर्यटन की संभावनाओं का अनुभव करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी, आयुर्वेदिक चिकित्सा, जैविक कृषि और हर्बल दवाओं के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *