हरिद्वार। महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने चारधाम यात्रा को व्यापारियों और श्रद्धालुओं के लिए सुलभ बनाने की मांग को लेकर हरिद्वार विधायक मदन कौशिक को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सरकार से रजिस्ट्रेशन की बाध्यता समाप्त करने, चारधाम यात्रा बोर्ड के गठन और हेली सेवा टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग पर रोक लगाने की मांग की। सेठी ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन सुविधाएं उसी अनुपात में नहीं बढ़ रही हैं। सरकार को इस दिशा में त्वरित निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि हाल ही में सचिवालय में हुई बैठक में चारधाम यात्रा प्राधिकरण का प्रस्ताव आया था, लेकिन उस पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
वरिष्ठ व्यापारी नेता सतेंद्र झा और जिला उपाध्यक्ष प्रीत कमल सारस्वत ने कहा कि पिछले साल रजिस्ट्रेशन की अनिवार्यता के कारण श्रद्धालुओं को भारी परेशानी उठानी पड़ी थी, जिससे हरिद्वार का पर्यटन कारोबार भी प्रभावित हुआ। व्यापारियों ने मांग की कि सरकार को रजिस्ट्रेशन की बाध्यता समाप्त करनी चाहिए, जिससे आम श्रद्धालुओं को राहत मिले और पर्यटन को बढ़ावा मिले।
हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने आश्वासन दिया कि सरकार पर्यटन से जुड़े व्यापारियों और तीर्थयात्रियों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखेगी। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री से जल्द इस विषय पर चर्चा करेंगे और जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में सोनू चौधरी, मुकेश अग्रवाल, पंकज माटा, रमन सिंह, अनिल कोरी, रवि बांगा, भूदेव शर्मा, राकेश सिंह सहित महानगर व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल शामिल रहा।