ईद-उल-फितर के मद्देनज़र पार्षद अहसान अंसारी की मांग पर नगर निगम ने ज्वालापुर के ईदगाह रोड की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है, जिससे ईदगाह में नमाज़ अदा करने आने वाले नमाजियों को अब किसी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके साथ ही ईदगाह परिसर और सड़क पर लगातार सफाई अभियान भी जारी है। बीते दिनों मेयर किरण जैसल ने खुद निरीक्षण कर विशेष रूप से सफाई व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए थे।
पिछले काफी समय से ईदगाह रोड की हालत खस्ता थी, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को परेशानी हो रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्षद अहसान अंसारी ने मेयर और एसएनए को ज्ञापन सौंपकर ईद से पहले मरम्मत, सफाई और पथ प्रकाश व्यवस्था सुधारने की मांग की थी। इसके बाद नगर निगम ने रविवार से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया, जिससे अब स्थानीय लोगों और ईदगाह आने वाले नमाजियों को राहत मिलेगी। पार्षद अहसान अंसारी ने मेयर किरण जैसल और नगर निगम का आभार व्यक्त किया। इस दौरान जामिन अंसारी, नदीम राव, वसीम राव, सज्जाद गौड, सुहैल अंसारी, जाफिर अंसारी, रिहान गौड, शाकिर हुसैन समेत कई लोग मौजूद रहे।