बहुउद्देशीय शिविर, विकास के तीन साल बेमिसाल

रुड़की, 24 मार्च 2025—राज्य सरकार के सेवा, सुशासन और विकास के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विधानसभा क्षेत्र रुड़की में “जन सेवा” थीम पर आधारित बहुउद्देशीय शिविर और चिकित्सा कैंप का आयोजन नेहरू स्टेडियम में किया गया। स्थानीय विधायक प्रदीप बत्रा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि राज्य सरकार ने तीन वर्षों में बेमिसाल कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड को अग्रणी राज्य बनाने और समग्र विकास की दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। रुड़की में सड़कों और पुलों का निर्माण, चौराहों का सौंदर्यीकरण, जल आपूर्ति और सीवर लाइनों का विस्तार जैसी योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जिससे शहर एक मॉडल सिटी के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा लिए गए सख्त फैसले जनता द्वारा सराहे जा रहे हैं और उत्तराखंड प्रगति के नए आयाम छू रहा है।

बीजेपी जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार सेवा, सुशासन और विकास के संकल्प को साकार कर रही है। मेयर अनीता अग्रवाल ने समान नागरिक संहिता, नक़लरोधी क़ानून, धर्मांतरण विरोधी क़ानून और दंगारोधी कानून जैसे निर्णयों की सराहना की। वहीं, राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने लैंड जिहाद, लव जिहाद, अवैध मदरसों और अतिक्रमण पर हुई सख्त कार्रवाई को ऐतिहासिक बताया।

प्रदेश उपाध्यक्ष देशराज करनवाल ने कहा कि धामी सरकार के कार्यकाल में धार्मिक स्थलों के पुनर्विकास, साहसिक पर्यटन को बढ़ावा, स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार, होमस्टे योजना से स्वरोजगार, छात्रवृत्ति योजनाएं, खेल और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधार हुए हैं। इससे उत्तराखंड विकास के नए अध्याय लिख रहा है। भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरी ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह विकास यात्रा और तेज़ी से आगे बढ़ेगी, जिससे उत्तराखंड आत्मनिर्भर प्रदेश बनेगा।

शिविर में पीएम आवास योजना के तहत नौ लोगों को लाभान्वित किया गया, मातृ वंदना योजना के अंतर्गत दो महिलाओं को किट प्रदान की गई। ग्रामोत्थान और एनआरएलएम योजनाओं के तहत दो लाभार्थियों को सहायता दी गई। चिकित्सा विभाग द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच और दवा वितरण किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र व्यक्तियों के मौके पर ही फॉर्म भरे गए।

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, जिला महामंत्री प्रवीण संधू, अरविंद गौतम, बृजमोहन सैनी, सुमित अग्रवाल, अवनीश शर्मा, विकास पाल, भीम सिंह, सावित्री मंगला, नगर आयुक्त राकेश तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी समेत भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *