हरिद्वार। सेवा, सुशासन और विकास के तीन वर्ष पूरे होने पर रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में बहुउद्देशीय शिविर और चिकित्सा कैंप का भव्य आयोजन किया गया। जन सेवा थीम पर आधारित इस कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक आदेश चौहान, बीजेपी जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मेयर किरण जैसल, राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी समेत अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि राज्य सरकार के तीन साल पूरे होने पर हर जिले में बहुउद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई में उत्तराखंड विकास के नए आयाम छू रहा है। समान नागरिक संहिता, भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगारोधी कानून लागू कर सरकार ने सुशासन का वादा निभाया है। धामी सरकार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी नई योजनाएं ला रही है।
आदेश चौहान ने कहा कि सरकार शीतकालीन यात्रा को लेकर भी कार्य कर रही है, जिससे 12 महीने यात्रा संभव हो सके। इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। उन्होंने कहा कि जल्द ही कर्णप्रयाग तक रेल पहुंचेगी, जिससे राज्य में आर्थिक गतिविधियों को नया बल मिलेगा।
मेयर किरण जैसल ने उत्तराखंड की जनता को सरकार के तीन साल पूरे होने की बधाई दी और कहा कि राज्य में महिलाओं को आरक्षण एवं रोजगार देकर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत की जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों से प्रदेश में चारों ओर समृद्धि का माहौल है।
राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की ओर निरंतर अग्रसर है। सरकार की योजनाओं से प्रदेश में चारों ओर विकास की गंगा बहेगी।
शिविर में पीएनबी बैंक द्वारा मुद्रा योजना के तहत दो लाभार्थियों को 10 लाख के चेक वितरित किए गए। पीएम आवास योजना में दो लोगों को लाभ मिला, जबकि मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के तहत 9 महिलाओं को किट और 5 किशोरियों को स्वच्छता किट दी गई।
समाज कल्याण विभाग ने 6 वृद्धजनों को पेंशन, 2 विधवा पेंशन, 50 हजार की शादी अनुदान योजना के तहत लाभांवित किया। चिकित्सा विभाग ने निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवाइयों का वितरण किया। विभिन्न सरकारी विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों के मौके पर ही फॉर्म भरवाए।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, वहीं देहरादून से आए अंकित रोहतन द्वारा नुक्कड़ नाटक के जरिए सामाजिक संदेश दिया गया।
शिविर में बीजेपी जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, अतुल वशिष्ठ, एसडीएम अजयवीर सिंह, बीडीओ बहादराबाद मानस मित्तल, तहसीलदार प्रियंका रानी, नागेंद्र राणा, वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न वार्डों के पार्षद, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।