कटारपुर में सेवा और सुशासन का उत्सव: बहुद्देशीय शिविर में बंटी योजनाओं की सौगात

हरिद्वार/कटारपुर। राज्य सरकार के सेवा, सुशासन और विकास के तीन वर्ष पूर्ण होने पर कटारपुर में ’’जन सेवा’’ थीम पर आधारित बहुद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इंद्रप्रस्थ वेडिंग हॉल में हुए इस कार्यक्रम का शुभारंभ 20 सूत्रीय कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला, पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा व अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया।

इस अवसर पर ज्योति प्रसाद गैरोला ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने तीन वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और विकास के इन तीन सालों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने है। सरकार के मजबूत संकल्पों का ही परिणाम है कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता कानून लागू हुआ है। यह कानून महिलाओं के अधिकारों को सशक्त करने के लिए लाया गया है। उन्होंने नंदा गौरा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इंटर पास करने पर प्रदेश की बेटियों के खातों में 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। हाल ही में मुख्यमंत्री ने 50 हजार बेटियों के खातों में एक अरब रुपये ट्रांसफर किए हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि सरकार दूरस्थ क्षेत्रों के गरीबों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। बहुद्देशीय शिविर का उद्देश्य जनता को इन योजनाओं की जानकारी देना और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ पहुंचाना है। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि कोरोना काल में महिलाओं व स्वयं सहायता समूहों द्वारा लिए गए लोन के ब्याज को माफ करने का ऐतिहासिक फैसला मुख्यमंत्री धामी ने लिया था। उन्होंने कहा कि कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क जैसे बुनियादी क्षेत्रों में पिछले 15-20 सालों में जो नहीं हुआ, वह तीन सालों में कर दिखाया गया।

जिला महामंत्री आशु चौधरी ने जनता से इस बहुद्देशीय शिविर का लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी दिया गया। पीएम आवास योजना के तहत तीन लाभार्थियों को घरों की चाबियां सौंपी गईं, चार महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं, और पीएनबी बैंक ने दो समूहों को तीन-तीन लाख रुपये के चेक प्रदान किए। समाज कल्याण विभाग ने मौके पर ही छह लाभार्थियों को पेंशन स्वीकृत की, जबकि एक लाभार्थी को शादी अनुदान के तहत सहायता राशि दी गई। उद्यान विभाग ने एक लाभार्थी को 75 हजार रुपये का अनुदान दिया।

शिविर में कृषि, समाज कल्याण, पशुपालन, बाल विकास, चिकित्सा, मत्स्य समेत विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कृषि विभाग ने पीएम किसान सम्मान निधि, कृषि सिंचाई योजना, बीज व खाद्य योजना के तहत रजिस्ट्रेशन किया, जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग ने महालक्ष्मी योजना और मुख्यमंत्री अमृत आंचल योजना की जानकारी दी। राशन कार्ड पात्रता और गुलाबी राशन कार्ड योजना पर भी विशेष जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जो आकर्षण का केंद्र रहीं। कार्यक्रम का संचालन ग्राम विकास अधिकारी विनोद प्रसाद मिश्रा ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी, एसडीएम अजयवीर सिंह, बीडीओ मानस मित्तल, मंडल अध्यक्ष विवेक चौधरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान, भाजपा नेता विक्रम सिंह चौहान, सुशील पंवार, राकेश सैनी, सत्यकुमार चौधरी, प्रदीप चौधरी, धर्मेंद्र चौधरी, संजीव चौधरी, विक्रम भुल्लर समेत कई अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *