धामी के ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जनसंवाद आयोजित

हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्राथमिकताओं में शामिल ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह ने ग्राम नसीरपुर कला, तहसील हरिद्वार के राजकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में ‘जनता मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को साझा किया, जिनमें चकबंदी, राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन, विद्युत पोल लगवाने, शिक्षा व्यवस्था सुधारने, पानी की समस्या आदि शामिल थीं।

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के दौरान बताया कि ‘सरकार जनता के द्वार’ का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत उन नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना है, जो जिला मुख्यालय तक नहीं पहुंच पाते। इस कार्यक्रम के माध्यम से त्वरित समाधान किया जा रहा है और केंद्र तथा राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी ग्रामीणों को जानकारी दी जा रही है।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जो भी शिकायतें दर्ज कराई जा रही हैं, उनका समाधान तत्परता से किया जाए, और इसमें कोई भी लापरवाही नहीं बरती जाए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे 26 मार्च 2010 के बाद शादी करने वाले अपने विवाह का पंजीकरण अनिवार्य रूप से यूसीसी पोर्टल पर करवाएं, अन्यथा संबंधित व्यक्ति से दस हजार रुपये तक की वसूली की जा सकती है।

ग्रामवासियों ने विद्यालयों में शिक्षक की समय पर उपस्थिति को लेकर भी शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आदेश दिया कि वे औचक निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लें। इसके अलावा, नासिरपुर के मुशर्रफ अली ने परिवार रजिस्टर में अपने परिवार का नाम दर्ज कराने की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने जांच के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन के तहत पानी के बिलों का भुगतान न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि बिल का भुगतान नहीं किया गया तो पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा और वसूली के लिए आरसी कटेगी।

इसके अलावा, अयूब अली ने वृद्धा पेंशन की मांग की, जिसे जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं, करीम पुत्र तस्लीम ने विकलांगता कार्ड की मांग की, जिसे जिलाधिकारी ने जांच कर बनाए जाने का आश्वासन दिया।

वहीं, कुछ ग्रामवासियों ने सक्षम लोगों के पास सफेद कार्ड होने की शिकायत की और जरूरतमंदों के लिए सफेद कार्ड बनाने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम सभा की बैठक में सत्यापन के बाद ही सफेद कार्ड दिए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने यूसीसी पोर्टल के तहत सेवाओं की जानकारी देते हुए ग्राम प्रधान से गांववासियों से ज्यादा से ज्यादा रजिस्ट्रेशन करवाने की अपील की।

इस बैठक में जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, बीडीओ मानस मित्तल, एसीएमओ अनिल वर्मा, डीएसओ तेजबल सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी शैबाली गुरुंग, बाल विकास अधिकारी सुलेखा सहगल समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *