“हरबंस कपूर मेमोरियल हॉल का लोकार्पण, विकास और जनसेवा को समर्पित”

देहरादून। मुख्यमंत्री ने हरबंस कपूर मेमोरियल कम्युनिटी हॉल का लोकार्पण करते हुए स्वर्गीय श्री हरबंस कपूर को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनका संपूर्ण जीवन राज्य और देहरादून की सेवा, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहा। उन्होंने जीवन भर जनसेवा को प्राथमिकता दी और अपने व्यवहार से हर नागरिक के दिल में विशेष स्थान बनाया। मुख्यमंत्री ने बताया कि एमडीडीए द्वारा 12 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से निर्मित यह अत्याधुनिक सामुदायिक भवन क्षेत्रवासियों के सामाजिक आयोजनों के लिए एक प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने एमडीडीए को भवन संचालन के लिए एसओपी तैयार करने और इसे आमजन के लिए उचित दरों पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने सेना के शौर्य की भी सराहना की और कहा कि हमारी सेना ने हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सशस्त्र सेनाएं मजबूती से काम कर रही हैं और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र प्रथम की नीति के तहत केंद्र और राज्य सरकारें कार्य कर रही हैं और देश की सीमाओं पर तैनात जवानों का साहस और समर्पण अतुलनीय है।

मुख्यमंत्री ने रोजगार के क्षेत्र में राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बीते तीन वर्षों में 23 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे पर निरंतर काम हो रहा है। साथ ही, समान नागरिक संहिता लागू करने जैसे ऐतिहासिक निर्णयों से देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान और जनसंख्या संरचना को सुरक्षित रखने की दिशा में सख्त कदम उठाए गए हैं।

देहरादून को आधुनिक और विकसित शहर बनाने के लिए राज्य सरकार लगभग 1400 करोड़ रुपये की लागत की विकास परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि ट्रैफिक और पार्किंग समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए रिस्पना और बिंदाल नदियों के ऊपर एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही देहरादून-दिल्ली एलिवेटेड रोड और सोंग डैम जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं पर भी कार्य जारी है।

चारधाम यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह से सतर्क है। हजारों की संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन उत्तराखंड पहुंच रहे हैं और उनकी निगरानी के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण कानून जैसे कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि शहीदों के परिजनों को मिलने वाली राशि तथा वीरता पदक प्राप्त जवानों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में भी बढ़ोतरी की गई है।

एमडीडीए के वीसी बंशीधर तिवारी ने जानकारी दी कि हरबंस कपूर मेमोरियल कम्युनिटी हॉल डेढ़ साल में तैयार किया गया है और निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने बताया कि अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह के सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया जा रहा है ताकि आमजन को अधिकतम सुविधा मिल सके।

इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, ब्रिगेडियर आर.एस. थापा, महानगर भाजपा अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, नेहा जोशी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *