समस्याओं से मुक्ति दिलाकर गांव का विकास करूंगी: सीमा 

काशीपुर। काशीपुर विकासखंड के ग्राम धीमरखेड़ा से क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रही युवा प्रत्याशी श्रीमती सीमा का कहना है कि चुनाव जीतने के बाद वह ग्रामीणों को समस्याओं से मुक्ति दिलाकर गांव का विकास करना चाहती हैं। 

 समाज सेवा में रुचि रखने वाले कपिल कुमार की पत्नी श्रीमती सीमा यहां धीमरखेड़ा ग्राम सभा से क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर चुनाव लड़ रही हैं, युवा प्रत्याशी होने के नाते उनकी सोच भी उच्च स्तर की है। हमारे संवाददाता से एक मुलाकात में श्रीमती सीमा ने गांव में व्याप्त सड़क, बिजली, पानी और पेंशन संबंधी समस्याओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यहां के जनप्रतिनिधियों ने चुनाव में बड़े-बड़े वादे तो किए परंतु उन्हें पूरा नहीं किया। यही कारण है कि ग्रामीण छोटी छोटी समस्याओं को लेकर इधर-उधर धक्के खाते घूम रहे हैं। श्रीमती सीमा ने बताया कि चुनाव जीतने के इन्हीं समस्याओं का समाधान कर ग्रामीणों को उनका हक दिलाना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि वे गांव की सभी टूटी-फूटी सड़कों और नाली खड़ंजे का निर्माण कराएंगी, पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए गांव के सभी बिजली पोलो पर स्ट्रीट लाइट लगवाई जाएगी। इसके अलावा वृद्धा, विधवा और विकलांग पेंशन संबंधी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। पत्नी की हां में हां मिलाते हुए सीमा के पति कपिल कुमार ने बताया कि वह चुनाव में महज वायदे करने के लिए नहीं आए हैं, बल्कि चुनाव जीतने के बाद गांव का सर्वांगीण विकास करने का प्रयास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *