मुख्यमंत्री उद्यमशाला चौपाल में महिलाओं को सम्मान, गांव-गांव पहुंचेंगे स्वरोजगार के अवसर

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत चौपाल-2026 का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रदेश में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। हरिद्वार के विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने दीप प्रज्वलित कर चौपाल का शुभारंभ किया और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से देखा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उद्यमशाला योजना के तहत प्रदेश में अब तक 13 हजार से अधिक उद्यमियों को सहयोग दिया जा चुका है। वहीं आठ हजार से अधिक महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों को उद्यमिता एवं आजीविका के अवसरों से जोड़ा गया है। उन्होंने देहरादून के आईटी पार्क स्थित 13 गांव में प्रदेशभर के स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के विपणन के लिए राज्य स्तरीय विपणन केंद्र खोलने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में विधायक आदेश चौहान और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने संयुक्त रूप से IEC वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, REAP और ग्राम्य विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएगी।

सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने बताया कि योजना के तहत अब तक 600 से अधिक उद्यमियों को जीएसटी पंजीकरण, उद्यम रजिस्ट्रेशन, फूड लाइसेंस और ट्रेडमार्क सहित विभिन्न आवश्यक सेवाओं का लाभ दिया गया है। वहीं चार हजार से अधिक लोगों का नामांकन किया जा चुका है। उन्होंने अधिकारियों को अधिक से अधिक युवाओं, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।

परियोजना निदेशक डीआरडीए नलिनी घिड़ियाल ने बताया कि क्लाउड किचन पहल के तहत 40 से अधिक महिलाओं ने अपना व्यवसाय शुरू किया है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। चौपाल में 100 से अधिक युवा, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्य और उद्यमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *