आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं बंधन संस्था ने बांटी स्वरोजगार कि

हरिद्वार। बहादराबाद विकासखंड स्थित जिला सभागार में शनिवार को आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं बंधन संस्था की ओर से 50 असहाय और जरूरतमंद महिलाओं को स्वरोजगार किट वितरित की गई।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत और ग्रामोत्थान रीप परियोजना प्रबंधक डॉ. संजय सक्सेना ने संयुक्त रूप से किट सौंपी। लाभार्थियों को सिलाई मशीन, कॉस्मेटिक सामग्री और किराना दुकान सामग्री उपलब्ध कराई गई, ताकि वे स्वरोजगार कर आत्मनिर्भर बन सकें।

आईटीसी समर्थित संस्था बंधन कोनागर अब तक 2100 अल्ट्रा पुअर (अत्यंत गरीब) महिलाओं को आजीविका संवर्धन के लिए सहयोग प्रदान कर चुकी है। इनमें विधवा, दिव्यांग, एकल, परित्यक्त और परिवार में कमाने वाले सदस्य से वंचित महिलाएं शामिल हैं।

डॉ. सक्सेना ने कहा कि आईटीसी का यह प्रयास सराहनीय है। रीप के अल्ट्रा पुअर मॉडल से जुड़कर महिलाओं को स्थायी आजीविका का मार्ग मिल रहा है।

कार्यक्रम में आईटीसी मिशन सुनहरा कल से जुड़ी संस्थाएं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम, पीपीएचएफ, प्रथम और लोकमित्र ने सहभागिता की। इस दौरान आईटीसी लिमिटेड के मानव संसाधन प्रमुख मोहम्मद अल्ताफ हुसैन भी मौजूद रहे।

लाभार्थी रूकसाना (तेलीवाला) ने बताया कि इस कार्यक्रम से उन्हें स्वरोजगार का साधन मिला है। अब वह अपने बच्चों की पढ़ाई आगे बढ़ा सकेंगी। उन्होंने संस्था और मिशन सुनहरा कल का आभार जताया।

मिशन सुनहरा कल की यह पहल महिलाओं को न सिर्फ आर्थिक मजबूती दे रही है, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा में जोड़ते हुए आत्मनिर्भरता और आत्मसम्मान की ओर अग्रसर कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *