रेलवे और राज्य सरकार की बैठक में कई अहम निर्णय

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सोमवार को सचिवालय में प्रदेश सरकार और डीआरएम मुरादाबाद संग्रह मौर्य के बीच सामंजस्य बैठक हुई। बैठक में रेलवे और राज्य सरकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

मुख्य सचिव ने ऋषिकेश-डोईवाला रेलवे बाईपास के लिए राजाजी नेशनल पार्क, रेलवे और डीएफओ की संयुक्त टीम को शीघ्र सर्वे कराने के निर्देश दिए। साथ ही वाइल्ड लाइफ और फॉरेस्ट क्लीयरेंस की प्रक्रिया तुरंत शुरू करने को कहा। हर्रावाला रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण कार्य में तेजी लाने और संयुक्त सर्वे पूरा करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि महाकुंभ 2033 से पहले हरिद्वार-देहरादून रेल डबल लाइन होना बेहद जरूरी है। इसके लिए आवश्यक क्लीयरेंस कार्य जल्द शुरू किए जाएं। कुंभ मेला ट्रैफिक मैनेजमेंट सर्कुलेशन प्लान रेलवे से शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया। ऋषिकेश और हरिद्वार रेलवे स्टेशनों की फेसलिफ्टिंग भी प्रस्तावित है।

मुख्य सचिव ने रेलवे से कुंभ 2027 की बैठकों में समन्वय के लिए एक *मेला अधिकारी* नामित करने और राज्य सरकार व रेलवे के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए मैकेनिज्म तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरे राज्य के लिए अगले 50 वर्षों को ध्यान में रखते हुए *मोबिलिटी प्लान* तैयार करने की भी बात कही।

डीआरएम संग्रह मौर्य ने बताया कि देहरादून-मसूरी रेलवे प्रोजेक्ट का प्राथमिक सर्वे पूरा हो चुका है और फाइनल लोकेशन सर्वे जल्द शुरू होगा। सहारनपुर-देहरादून प्रोजेक्ट का फाइनल लोकेशन सर्वे प्रगति पर है। वहीं, हर्रावाला रेलवे स्टेशन की डीपीआर स्वीकृत हो चुकी है।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव बृजेश कुमार संत, सी. रविशंकर, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा, उपाध्यक्ष एमडीडीए एवं महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *