हरिद्वार। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग, हरिद्वार द्वारा आयोजित अपर निजी सचिव (एपीएस) परीक्षा-2024 प्रथम चरण की अर्हकारी प्रकृति परीक्षा का आयोजन 22 सितंबर से 16 अक्टूबर तक किया जाएगा। नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने बताया कि परीक्षा का आयोजन ज्ञानोदय लैब, परीक्षा भवन आयोग परिसर (केंद्र कोड 001) में होगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 सितंबर से 10 अक्टूबर तक हिंदी आशुलेखन परीक्षा दो पालियों में — पूर्वाह्न 10:30 बजे और अपराह्न 2:30 बजे आयोजित होगी। 11 से 14 अक्टूबर तक भी यही समय तय रहेगा। 15 अक्टूबर को पूर्वाह्न हिंदी तथा अपराह्न अंग्रेजी आशुलेखन परीक्षा होगी। वहीं, 16 अक्टूबर को केवल दिव्यांगजन उपश्रेणी (LV, PB, B, OA) के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी।
नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि परीक्षा को नकल विहीन, शांति पूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में धारा 163 (पूर्व धारा 144) लागू रहेगी। इस दौरान पांच या अधिक व्यक्तियों का समूह बनाकर इकट्ठा होना, सार्वजनिक सभा, धरना-प्रदर्शन, जुलूस निकालना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के 200 मीटर दायरे में ध्वनि प्रदूषण, हथियार, विस्फोटक पदार्थ, तेजाब, पेट्रोल आदि ले जाने पर रोक रहेगी। केंद्र में परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की पाठ्य सामग्री, मोबाइल फोन या पेजर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
नगर मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।