सोशल मीडिया का हीरो चढ़ा पुलिस के हत्थे

हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को तमंचे के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार 24 सितंबर की रात को युवक द्वारा तमंचा लहराते हुए बनाई गई रील सोशल मीडिया पर वायरल हुई। शिकायत मिलने पर थाना श्यामपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 25 सितंबर की सुबह कांगड़ी से आगे चंडीघाट की ओर निर्माणाधीन हाईवे के पास दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने उसके पास से एक देशी तमंचा .315 बोर और वह मोबाइल फोन भी बरामद किया जिससे रील बनाई और पोस्ट की गई थी।

आरोपी की पहचान राज उर्फ नरदेव (19 वर्ष) पुत्र रतनलाल निवासी ग्राम चंदौसी, थाना फतेहगढ़, जिला सम्भल (उ.प्र.), हाल निवासी माही रेस्टोरेंट, ग्राम कांगड़ी, थाना श्यामपुर, जिला हरिद्वार के रूप में हुई है। युवक के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष मनोज शर्मा, उपनिरीक्षक गगन मैठाणी, कानि चालक मोहन सिंह रावत और हो.गा. नितिन कुमार शामिल रहे। पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की हीरोगिरी दिखाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *