देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा 21 सितंबर 2025 को आयोजित प्रतियोगी परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए गठित एकल सदस्यीय जांच आयोग ने आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपनी अंतरिम रिपोर्ट सौंपी। जांच आयोग की अध्यक्षता न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) यू.सी. ध्यानी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आयोग ने कम समय में व्यापक जनसुनवाई कर अभ्यर्थियों और संबंधित पक्षों से सुझाव लेकर रिपोर्ट प्रस्तुत की है, जो सराहनीय है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार रिपोर्ट का परीक्षण कर अभ्यर्थियों के हित में आवश्यक निर्णय लेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रकरण की सीबीआई जांच की संस्तुति पहले ही की जा चुकी है, जिससे जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी हो सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार परीक्षाओं की शुचिता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाये रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भविष्य में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी भर्ती परीक्षा में अनियमितता की कोई गुंजाइश न रहे और अभ्यर्थियों व उनके अभिभावकों का विश्वास राज्य की परीक्षा प्रणाली पर कायम रहे।