देशराज कर्णवाल, उपाध्यक्ष समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति, उत्तराखंड सरकार (राज्य मंत्री स्तर) के नेतृत्व में आज दिनांक 14 अक्टूबर 2025 को “बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर समाज कल्याण बहुउद्देशीय शिविर” का आयोजन ब्लॉक भगवानपुर के तीन गांवों में किया गया। इन शिविरों के दौरान कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं — हरचन्दपुर माजरा (बेहेडेकी सैदाबाद) से 15, बेहेड़ेकी सैदाबाद से 22 और सुनहेटी आल्हापुर से 8 शिकायतें दर्ज की गईं।
देशराज कर्णवाल अपने पुत्र के नैनीताल बार काउंसिल में पंजीकरण हेतु गए होने के कारण शिविर कार्यक्रम में उपस्थित नहीं रह सके। शिविरों का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री शोभाराम प्रजापति (उपाध्यक्ष, राज्य मंत्री स्तर, माटी कला बोर्ड) एवं श्री अनीश गौड़ (प्रदेश अध्यक्ष, अल्पसंख्यक मोर्चा, उत्तराखंड) द्वारा किया गया। दोनों अतिथियों ने शिविरों में भाग लेते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की जनसमस्याओं को सुनना, उनका त्वरित समाधान करना और समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुँचाना था। क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक इन शिविरों में भाग लिया और अपनी समस्याएँ संबंधित विभागीय अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं।
शिविरों में प्राप्त कई समस्याओं का निस्तारण स्थल पर ही अधिकारियों द्वारा किया गया, जबकि कुछ मामलों को जिला स्तर पर समाधान हेतु जिलाधिकारी को भेजा जाएगा।
इस अवसर पर श्री शोभाराम प्रजापति एवं श्री अनीश गौड़ ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। इसी क्रम में विभाग द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं ताकि शासन की योजनाएँ सीधे जनता तक पहुँच सकें।
शिविरों में संबंधित रेखीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम प्रधान, पंचायत सदस्य एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।