हरिद्वार। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2025-26 में जनपद हरिद्वार के विभिन्न न्याय पंचायतवार चयनित ग्रामों में क्रॉप कटिंग प्रयोग जारी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने तहसील हरिद्वार के ग्राम मनोहरपुर में किसान अनिल कुमार के खेत संख्या 219 पर धान की फसल का रैंडम पद्धति से क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खेत से 15.700 किलोग्राम उपज प्राप्त हुई, जिसके अनुसार धान की अनुमानित औसत उपज 32 क्विंटल प्रति हेक्टेयर आंकी गई। जिलाधिकारी ने मौके पर किसान से बोए गए बीज, उर्वरकों और कीटनाशकों के प्रयोग से संबंधित जानकारी ली।
उन्होंने बताया कि जनपद में किए जा रहे इन क्रॉप कटिंग प्रयोगों के आधार पर फसलों की औसत उपज और उत्पादकता के आंकड़े तैयार किए जाते हैं। यही आंकड़े प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना समेत कृषि उत्पादन से जुड़ी अन्य योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण डाटा के रूप में उपयोग किए जाते हैं।
इस अवसर पर तहसीलदार सचिन कुमार, सहायक भूलेख अधिकारी व अपर सांख्यिकी अधिकारी उत्तम सिंह, मीना नेगी, अजय कपिल, राजस्व निरीक्षक अरविंद सैनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।