एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल सहित अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि, शोक सलामी के बीच गूंजा बलिदान अमर रहे का नारा
हरिद्वार। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र डोबाल समेत पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अपने वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में सलामी गार्ड ने शहीद जवानों को शोक सलामी दी। एसएसपी डोबाल ने कहा कि कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों का यह बलिदान पुलिस परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृति में हरिद्वार पुलिस सदैव नतमस्तक रहेगी।
पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक सितंबर 2024 से 31 अगस्त 2025 तक के बीच पूरे देश में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 186 जवानों ने कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर किए। इनमें उत्तराखंड के चार वीर सपूत भी शामिल हैं, जिनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
श्रद्धांजलि समारोह में एसपी क्राइम/ट्रैफिक, एसपी देहात, एसपी सिटी, एएसपी सदर, सीओ मंगलौर, सीओ लक्सर, सीओ यातायात, सीओ भगवानपुर, सीओ सिटी, सीएफओ हरिद्वार सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया।