खाद्य सुरक्षा टीम का होटल-रेस्टोरेंटों में औचक निरीक्षण, सात नमूने लिए

हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को भूपतवाला, बहादराबाद और सिडकुल क्षेत्र के होटल एवं रेस्टोरेंटों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के सात नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। अनियमितताएं मिलने पर होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को नोटिस जारी किए गए।

उपायुक्त गढ़वाल मंडल के नेतृत्व में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और कैलाश चंद्र ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। भूपतवाला स्थित होटल गंगा ब्लिस और होटल रीनेस्ट में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। इनमें पानी की जांच रिपोर्ट, खाद्य सामग्री की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट और प्रशिक्षण संबंधी दस्तावेज शामिल रहे।

अधिकारियों ने होटल संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री का इस्तेमाल करने और प्रतिबंधित एनालॉग डेयरी उत्पादों का प्रयोग नहीं करने के निर्देश दिए। मौके से लाल मिर्च पाउडर और प्रिपेयर्ड फूड पनीर लबाबदार के एक-एक नमूने जांच के लिए लिए गए।

बहादराबाद स्थित एक होटल के स्टोरेज और किचन की जांच में डीप फ्रीजर में गंदगी मिली। गंदगी के बीच खाद्य पदार्थ खुले में रखे पाए गए। किचन में खराब और सड़े-गले खाद्य पदार्थ भी संग्रहित मिले। फर्श और दीवारों की सफाई व्यवस्था भी खराब पाई गई। स्टोरेज में कुछ खाद्य सामग्री गंदे प्लास्टिक कंटेनरों में रखी थी, जबकि कुछ सामग्री सीधे जमीन पर रखे जाने के कारण नमी की चपेट में थी। यहां तीन खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। अनियमितताओं के चलते होटल संचालक को नोटिस जारी किया गया।

वहीं, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में पेंटागन मॉल स्थित एक रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। यहां स्टोरेज स्थल पर कटी हुई खराब सब्जियां मिलीं, जिन्हें मौके पर ही हटाकर नष्ट कराया गया। अनिवार्य दस्तावेज और पेयजल टैंक की सफाई का रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं करने पर रेस्टोरेंट संचालक को नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा आइसक्रीम, शेक और फ्रिज बनाने में इस्तेमाल होने वाले फ्रूट सिरप के दो लीगल नमूने भी प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *