दिवाली की छुट्टियों का फायदा उठाकर की थी चोरी, कबाड़ी और एक आरोपी अब भी फरार
हरिद्वार। थाना सिडकुल पुलिस ने दिवाली की छुट्टियों का फायदा उठाकर बंद पड़ी फैक्ट्री में सेंधमारी करने वाले दो आरोपियों को चोरी के माल सहित गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से करीब ₹5 लाख कीमत का माल बरामद हुआ है, जबकि चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ी और एक अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस जल्द ही फरार कबाड़ी के गोदाम को सील करने की तैयारी में है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को थाना सिडकुल क्षेत्रांतर्गत जे.आर. फार्मास्यूटिकल कंपनी में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर अल्युमिनियम डाई, गाइड, वायर मोटर, पीतल फीडर डाई, पंच समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान गुरुवार को पुलिस टीम ने आईएमसी चौक के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक ई-रिक्शा को रोका गया, जिसमें दो युवक चोरी का सामान ले जाते हुए पकड़े गए। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम आसिफ पुत्र रईसुदीन (27 वर्ष) निवासी आगरा, हाल निवासी रोशनाबाद, और फैजान पुत्र इनाम अली निवासी फिरोजाबाद, हाल निवासी जामा मस्जिद रोशनाबाद बताया।
दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ 18 अगस्त की रात कंपनी की दीवार फांदकर चोरी की थी। चोरी किया गया कुछ सामान उन्होंने डेंसो चौक के पास कबाड़ी को बेच दिया था, जबकि बाकी माल सिडकुल क्षेत्र में झाड़ियों में छिपा दिया था, जिसे वे बेचने के लिए दोबारा ले जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तार, इनवर्टर (लुमिनस), छोटा ट्रांसफार्मर, अल्युमिनियम डाई, हीटर टैंक, प्रिंटिंग ड्रम, वाइब्रेटर कंट्रोलर, गियरबॉक्स, इंजेक्शन डाई, ट्रांसफार्मर मय वेंडिंग और अल्युमिनियम गाइड बरामद किए। बरामद माल की कीमत लगभग ₹5 लाख आंकी गई है।
थाना सिडकुल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमे में बढ़ोतरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी टीम में उप निरीक्षक अनिल बिष्ट, हेड कांस्टेबल देशराज, कांस्टेबल प्रदीप, राजेश कुमार और गजेंद्र शामिल रहे।