बच्चों पर ज्वलनशील हमला, आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। कोतवाली लक्सर पुलिस ने पटाखे फोड़ने के विवाद में बच्चों पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को ग्राम भिक्कमपुर जीतपुर में शेर सिंह के बच्चे अपने साथियों के साथ पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान गाँव के ही गोरधन उर्फ दिलेराम से विवाद बढ़ गया। आरोप है कि शराब के नशे में आरोपी ने वादी के बच्चों समेत चार बच्चों पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया, जिससे सभी झुलस गए।

प्रभारी निरीक्षक लक्सर ने तुरंत पुलिस टीम गठित कर मौके पर मैनुअल पुलिसिंग और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी गोरधन उर्फ दिलेराम को भिक्कमपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के घर से घटना में प्रयुक्त ज्वलनशील पदार्थ की कैन बरामद की। जांच में पता चला कि आरोपी ने यह ज्वलनशील पदार्थ लक्सर के मैन बाजार स्थित मामचन्द पंसारी की दुकान से खरीदा था। मौके पर तहसीलदार लक्सर के साथ संयुक्त कार्रवाई में दुकान से 18 जेरीकैन अवैध ज्वलनशील पदार्थ (लगभग 800 लीटर) बरामद किया गया। दुकान का मालिक पुलिस की भनक लगते ही फरार हो गया है और उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में प्रभारी कोतवाली राजीव रौथान, उपनिरीक्षक लोकपाल परमार, उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी, अपर उपनिरीक्षक रंजीत नौटियाल, कांस्टेबल सन्दीप रावत, अमित रावत, दिगम्बर राय और बीरेन्द्र शामिल थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *