देहरादून। एक महिला के हरिद्वार से रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीरमति गुप्ता (55 वर्ष), धर्मपत्नी प्रदीप कुमार गुप्ता, निवासी 59, सैयद मोहल्ला, चकराता रोड, देहरादून, आज गंगा स्नान पर्व पर परिवार के साथ हरिद्वार स्थित हर-की-पौड़ी घाट पर स्नान के लिए गई थीं। बताया गया कि दोपहर लगभग 3:00 बजे के आसपास वे अचानक लापता हो गईं।
परिवार के सदस्यों ने हर संभावित स्थान पर तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया। मामले की जानकारी मिलते ही परिजनों ने कोतवाली हरिद्वार में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने महिला की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
परिवार बेहद परेशान है और उनकी सकुशल वापसी की उम्मीद में हर संभव प्रयास कर रहा है। परिजनों ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी को वीरमति गुप्ता के बारे में कोई जानकारी मिले या उन्हें कहीं देखा गया हो, तो कृपया तत्काल कोतवाली हरिद्वार में सूचित करें।