धर्मनगरी हरिद्वार में सफाई अभियान तेज, जिलाधिकारी खुद कर रहे निगरानी

धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, क्लीन एवं मॉडल जनपद बनाने के लक्ष्य को लेकर जिले में व्यापक सफाई अभियान लगातार जारी है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे जनपद में साफ-सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए थे। इसके तहत सभी अधिकारी स्वयं फील्ड में उतरकर अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में आज चौथे दिन भी शहरी क्षेत्रों से लेकर गांव-कस्बों तक तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर साफ-सफाई अभियान संचालित किया गया। नगर पालिका मंगलौर के ईओ ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लाइन पर स्वच्छता अभियान उनकी देखरेख में किया गया।

भगवानपुर के बीडीओ आलोक गार्गेय ने बताया कि ग्राम पंचायत सिसोना में सफाई कार्य कराया गया। वहीं लोनिवि के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार वर्मा ने जानकारी दी कि मज़ाहिदपुर सत्तीवाला क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया। लक्सर की बीडीओ परवीन भट्ट ने बताया कि बेसरी मार्केट, लक्सर–रुड़की रोड पर चलाए गए सफाई अभियान का उन्होंने स्वयं निरीक्षण किया।

बहादराबाद के बीडीओ मानस मित्तल ने अवगत कराया कि भाईचारा ढाबा क्षेत्र में भी साफ-सफाई कार्य कराया गया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की पहल का असर अब स्पष्ट रूप से धरातल पर दिखने लगा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लगातार सफाई अभियान चल रहा है और अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर निगरानी सुनिश्चित कर रहे हैं, जिससे धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ और क्लीन जनपद बनाने का संकल्प तेजी से साकार होता दिख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *