मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और क्लीन जनपद बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में पूरे जनपद में वृहद सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें धार्मिक संस्थाओं और अखाड़ों का भी सहयोग मिल रहा है।
अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने बताया कि **6 दिसंबर 2025 को प्रातः 8 बजे से** जिला प्रशासन की ओर से सभी अखाड़ों, मठों, मंदिरों और धार्मिक संस्थाओं के साथ मिलकर बड़ा स्वच्छता अभियान शुरू किया जाएगा। इस दौरान गंगा घाटों, मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थानों पर विशेष सफाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक अखाड़े, मंदिर और संस्था के अनुसार कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सभी क्षेत्रों में सफाई कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए संबंधित कार्मिकों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
दयानंद सरस्वती ने बताया कि स्वच्छता अभियान में लगे सभी कर्मचारियों की सीसीआर सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।