179 ट्रैकर्स के रेस्क्यू की समीक्षा, चारधाम के लिए स्थायी वेस्ट मैनेजमेंट प्लान के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली से लौटते ही राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे ट्रैकर्स एवं माउंटेनियर्स के रेस्क्यू अभियान की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि उत्तरकाशी में फंसे 136 लोगों में से 40 को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि 40 ने फिलहाल रेस्क्यू से इनकार किया है। शेष लोगों के लिए सोमवार सुबह 6 बजे से अभियान फिर शुरू होगा। बागेश्वर के पिंडारी क्षेत्र में 43 लोग फंसे हैं। रेस्क्यू के लिए 8 हेलीकॉप्टर तैनात हैं और हेली एंबुलेंस को स्टैंडबाय रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी एजेंसियों को समन्वय से कार्य करने और मौसम पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए धामों और प्रमुख धार्मिक-पर्यटन स्थलों पर स्थायी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था के लिए भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *