हरिद्वार । मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ और क्लीन जनपद बनाने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वयं धरातल पर उतरकर सफाई व्यवस्था की निरंतर निगरानी के निर्देश दिए हैं।
इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को जनपद के शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों और राष्ट्रीय राजमार्ग तक व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।
बीएचईएल नगर प्रशासक संजय पवार ने बताया कि बीएचईएल क्षेत्र में सेक्टर-4 मध्य मार्ग, एसओजी ऑफिस, खोखा मार्केट तथा सेक्टर-5 स्थित एडमिनिस्ट्रेशन विभाग तक सफाई कार्य किया गया। वहीं, चिन्मय डिग्री कॉलेज चौक का सौंदर्यीकरण कार्य भी प्रगति पर है।
डीओ पीआरडी ने बताया कि लोक मंगल दल एवं महिला मंगल दल की ओर से बहादुरपुर जट में सफाई अभियान चलाया गया।
नगर पंचायत झबरेड़ा के अधिशासी अधिकारी हरीश रावत ने जानकारी दी कि नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य मार्गों और वार्डों में सफाई का कार्य संपन्न कराया गया।
एपीडी नलनीत घिल्डियाल के अनुसार ग्राम पंचायत बसेड़ी खादर, ब्लॉक लक्सर में एनआरएलएम एसएचजी समूहों ने सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी की।
बीडीओ भगवानपुर आलोक गार्गेय ने बताया कि रायपुर–भगवानपुर मार्ग पर साफ-सफाई कराई गई।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान का प्रभाव जनपद में स्पष्ट दिखाई देने लगा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लगातार सफाई कार्य हो रहे हैं। अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर निगरानी कर रहे हैं, जबकि डीएम स्वयं पूरे अभियान की निरंतर मॉनिटरिंग कर रहे हैं।