होमगार्ड्स स्वयंसेवकों को मिलेगा वर्दी भत्ता: सीएम धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ननूरखेड़ा में आयोजित होमगार्ड्स स्थापना दिवस पर रैतिक परेड का निरीक्षण किया और विभाग की स्मारिका 2025 तथा कैलेंडर 2026 का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने सेवा प्रदत्त एवं दिवंगत होमगार्ड्स के आश्रितों को चेक भी वितरित किए। उन्होंने कार्यक्रम में घोषणा की कि होमगार्ड्स स्वयंसेवकों को वर्दी भत्ता अनुमन्य किया जाएगा। अंतरजनपदीय ड्यूटी में तैनात स्वयंसेवकों का भोजन भत्ता 100 से बढ़ाकर 150 रुपए प्रतिदिन तथा नागरिक सुरक्षा संगठन के स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण भत्ता 50 से बढ़ाकर 140 रुपए प्रतिदिन किया गया है।

मुख्यमंत्री ने 63वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होमगार्ड्स कठिन परिस्थितियों में अनुशासन, निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा का दायित्व निभाते हैं। राज्य सरकार ने पहली बार होमगार्ड्स को 12 आकस्मिक अवकाश प्रदान किए हैं। महिला होमगार्ड्स को प्रसूति अवकाश की सुविधा दी गई है। 9 हजार फीट से अधिक ऊँचाई पर ड्यूटी करने वाले जवानों को 200 रुपए प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि और एसडीआरएफ के साथ प्रशिक्षित होमगार्ड्स को 100 रुपए प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।

सीएम ने कहा कि होमगार्ड्स यातायात प्रबंधन, कानून व्यवस्था, कांवड़ व कुंभ जैसे बड़े आयोजनों, चारधाम यात्रा और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान त्वरित राहत कार्यों में अहम भूमिका निभा रहे हैं। राज्य सरकार जवानों के सम्मान और हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करती रहेगी। कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजान दास, सविता कपूर, देहरादून मेयर सौरभ थपलियाल, ऋषिकेश मेयर शंभू पासवान, कैलाश पंत, मधु भट्ट, श्यामवीर सैनी, सचिव शैलेश बगोली, डीजीपी दीपम सेठ, डीजी होमगार्ड पी.वी.के. प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *