हरिद्वार। बजरंग दल पदाधिकारियों ने एसपी सिटी को ज्ञापन देकर शौर्य जागरण यात्रा पर पथराव की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान बजरंग दल के प्रांत सहसंयोजक सौरभ चैहान व प्रांत सुरक्षा प्रमुख नवीन तेश्वर ने कहा कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निकाली जा रही शौर्य जागरण यात्रा पर कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव किया गया। अप्रत्याशित रूप से हुए पथराव में बजरंग दल के कई कार्यकर्ता घायल हुए। लेकिन कार्यकर्ताओं ने धैर्य एवं संयम का परिचय देते हुए शांति पूर्वक कार्यक्रम पूरा किया। संगठन का कहना है कि यह पथराव स्पष्ट रूप से हरिद्वार की देवभूमि की सामाजिक सांप्रदायिक शांति भंग करने और नगर को तनाव की आग में झोंकने की एक सोची-समझी साजिश प्रतीत होती है। इस कायराना घटना से न केवल हरिद्वार बल्कि सम्पूर्ण उत्तराखण्ड का संत समाज एवं हिन्दू समाज आक्रोशित है। मांग की कि पूरे प्रकरण की गहन, निष्पक्ष, पारदर्शी जांच करायी जाए और घटना में शामिल दोषियों की पहचान कर उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए। बजरंग दल पदाधिकारियों ने पूर्व सूचना के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था न कर पाने व लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में बजरंग दल के प्रांत सहसंयोजक सौरभ चैहान के नेतृत्व में प्रांत सुरक्षा प्रमुख नवीन तेश्वर, विभाग मंत्री भूपेंद्र सैनी, जिला संगठन मंत्री अर्जुन कुमार, जिला मंत्री विहिप जीवेंद्र तोमर, जिला संयोजक बजरंग दल अमित मुल्तानिया, जिला सहमंत्री दीपक तालियान, अंगद सक्सेना, विक्की बिष्ट सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।