कुंभ कार्यों में तेजी के निर्देश

हरिद्वार। कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को मेलाधिकारी सोनिका ने सीसीआर सभागार में विभिन्न विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी स्थाई और अस्थाई कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे करने, श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और दिन-रात काम कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सात अस्थाई कोर एरिया पार्किंग का निर्माण तत्काल शुरू कराने तथा निर्माण स्थलों से मलबा और सामग्री हटाने को कहा। लापरवाही मिलने पर संबंधित संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि कुंभ क्षेत्र में 19 अस्थाई पुल बनाए जा रहे हैं तथा अस्थाई विद्युतीकरण के लिए तीन हजार से अधिक विद्युत पोल लगाए जा रहे हैं। बैरागी कैंप, गौरीशंकर, दक्षद्वीप और पंतद्वीप सहित प्रमुख सेक्टरों में शिविर स्थलों के समतलीकरण, सफाई, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं का कार्य तेजी से चल रहा है। मेलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *