देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में आयोजित विचार गोष्ठी में ‘मेरी योजना’ पुस्तकों का विमोचन किया और ‘मेरी योजना पोर्टल उत्तराखण्ड’ का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीनों संस्करण— *मेरी योजना*, *मेरी योजना–राज्य सरकार* और *मेरी योजना–केंद्र सरकार*—के माध्यम से हर नागरिक को सभी सरकारी योजनाओं की संपूर्ण जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी, जिससे लाभार्थियों को पात्रता, दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया में आसानी होगी। उन्होंने बताया कि डीबीटी के माध्यम से पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं की राशि सीधे खातों में भेजी जा रही है। मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, ‘एक जनपद–दो उत्पाद’, ‘स्टेट मिलेट मिशन’, ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसे अभियानों के जरिए आजीविका और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक खजान दास और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।