देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रस्तावों पर विचार करते हुए उन्हें संस्तुति प्रदान की गई। बैठक में राज्य की आधारभूत सुविधाओं, पेयजल, सड़क, पार्किंग, सुरक्षा एवं आईटी से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि प्रस्तावों की स्वीकृति से लेकर कार्य पूर्ण होने तक प्रत्येक चरण के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की जाए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि कार्य निर्धारित समय में पूरे हों और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। विशेष रूप से नंदा राजजात यात्रा से संबंधित सभी कार्य यात्रा शुरू होने से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पेयजल विभाग की लोहाघाट टाउन पंपिंग पेयजल योजना (कुल लागत 8444.67 लाख रुपये), रामनगर (नैनीताल) में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण (कुल लागत 3857.64 लाख रुपये) तथा लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत नंदप्रयाग घाट–सुतोल–कनोल मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण कार्य (लागत 1289.21 लाख रुपये) को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही टनकपुर (चम्पावत) में मीडिया सेंटर, गेस्ट हाउस एवं कम्युनिटी हॉल निर्माण (कुल लागत 1424.52 लाख रुपये) के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त पीएसी बटालियन रुद्रपुर के लिए आरटीसी एवं 188 बैडेड बैरक निर्माण (कुल लागत 1991.54 लाख रुपये) तथा देहरादून में साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के निर्माण कार्य (कुल लागत 3034.78 लाख रुपये) को भी समिति ने संस्तुति दी।
मुख्य सचिव ने AMRUT 2.0 योजना के अंतर्गत विभिन्न स्थानीय निकायों में पेयजल, पार्कों के विकास एवं जलाशयों के कायाकल्प से संबंधित प्रस्तावों को भी मंजूरी दी। उन्होंने पार्कों एवं जलाशयों के कायाकल्प कार्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव श्री शैलेश बगौली, श्री श्रीधर बाबू अद्दांकी, श्री विनोद कुमार सुमन, श्री एस.एन. पाण्डेय, श्री युगल किशोर पंत, अपर सचिव श्री विनीत कुमार, श्रीमती निवेदिता कुकरेती, श्रीमती विम्मी सचदेव सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।