जन जन की सरकार, जन जन के द्वार’ कार्यक्रम शुरू, बैरांगना न्याय पंचायत में लगा बहुउद्देशीय शिविर

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर बुधवार को चमोली जनपद में *जन जन की सरकार, जन जन के द्वार* कार्यक्रम का आगाज हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत बैरांगना न्याय पंचायत में लगाए गए बहुउद्देशीय शिविर से की गई।

शिविर में जिले के 23 विभागों ने अपने स्टॉल लगाए और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों की शिकायतें भी मौके पर सुनी गईं। शिविर में आई कुल 162 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए गए।

शिविर का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने किया। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर सरकारी योजनाओं की जानकारी और समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्यक्रम की शुरुआत बैरांगना से की गई है। स्वास्थ्य, जल संस्थान, ऊर्जा निगम, कृषि, उद्यान, श्रम, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों की जांच कर मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं।

सीडीओ ने बताया कि 20 जनवरी तक जिले की 40 न्याय पंचायतों में ऐसे शिविर लगाए जाएंगे। इसके लिए प्रशासन की ओर से रोस्टर तैयार कर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, नोडल अधिकारी व जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडे, जिला विकास अधिकारी केके पंत, उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ, कृषि अधिकारी जेपी तिवारी, एई अरुण गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *