खटीमा।
तहसील खटीमा में बुधवार को आयोजित ‘जन जन की सरकार–जन जन के द्वार’ शिविर में 73 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 38 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने शिविर का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को जन समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने बताया कि अगले 45 दिनों तक न्याय पंचायतों में रोस्टरवार शिविर लगाए जाएंगे।
शिविर में सड़क, पुलिया, नाली निर्माण, अतिक्रमण, विद्युत पोल, नाले के चौड़ीकरण आदि से संबंधित मांगों पर विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए।
एनआरएलएम के तहत 9 महिला स्वयं सहायता समूहों को 36.15 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, सांसद प्रतिनिधि विजेंद्र सिंह राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।