संयुक्त सचिव पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, भारत सरकार डी. सेंथिल पाण्डियन ने हरिद्वार में जल संरक्षण एवं संवर्धन कार्यों को आपसी समन्वय से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया। विकास भवन में आयोजित बैठक में आकांक्षी जनपद कार्यक्रम और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य, बाल विकास, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्धता और मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। संयुक्त सचिव ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में हो रहे कार्यों की सराहना की। बैठक के बाद बहादराबाद ब्लॉक में मनरेगा, सीएसआर और जल जीवन मिशन के अंतर्गत किए गए कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया।