जंगल सफारी के लिए खुले राजाजी टाइगर रिजर्व की रानीपुर और चीला रेंज के गेट

हरिद्वार। पांच महीने की बंदी के बाद रविवार को राजाजी टाइगर रिजर्व के की रानीपुर और चीला रेंज के गेट जंगल सफारी के लिए खोल दिए गए। गेट खुलने के साथ ही नए पर्यटन सत्र की शुरुआत हो गई है। चीला रेंज में जंगल सफारी शुरू होने के साथ ही पर्यटकों की आवाजाही भी शुरू हो गई। राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि और वन क्षेत्राधिकारी आभा रतूड़ी ने फीता काटकर रानीपुर रेंज के गेट खोले। जबकि चीला रेंज में सफारी का शुभारंभ नगर पालिका शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा और वार्डन विजय सैनी ने किया। गेट खुलने के बाद जंगल सफारी के शौकीन राजाजी के जंगलों में हाथी, हिरण, गुलदार और अन्य पक्षियों व वन्यजीवों को प्राकृतिक वातावरण में देख सकेंगे। गेट खुलने के पहले ही दिन चीला रेंज की सभी स्लॉट और सफारी गाड़ियां बुक हो गई। यूएसए से आए 29 छात्रों और उनके चार शिक्षकों ने भी जंगल सफारी का लुत्फ उठाया। वार्डन विजय सैनी ने बताया कि चीला रेंज जंगल सफारी के लिए पर्यटकों की पहली पसंद है। चीला रेंज में हर साल रिकार्ड संख्या में पर्यटक सफारी के लिए आते हैं। राजस्व प्राप्ति के मामले में भी चीला रेंज सबसे ऊपर है। उन्होंने बताया कि रानीपुर रेंज में भी तमाम वन्य प्रजातियां पायी जाती हैं। पर्यटक 15 नवम्बर से 15 जून तक जंगल सफारी कर सकेंगे। सफारी के दौरान विभिन्न प्रकार के वन्य जीव जंगल देखने को मिलते हैं। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि वन और वन्यजीवों को सुरक्षित रखते हुए जंगल सफारी कराई जाए। राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने कहा कि जंगल सफारी के लिए हर साल देश विदेश से लाखों पर्यटक आते हैं। सरकार की और से पर्यटकों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने पर्यटकों से सफारी के दौरान नियमों का पालन करने की अपील भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *