आबकारी ने आकस्मिक छापे मारे,290 लीटर अवैध शराब बरामद  

काशीपुर। आबकारी आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अवैध शराब की धर पकड़ अभियान के तहत आबकारी विभाग के सहायक आयुक्त के नेतृत्व में विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर ताबड़तोड़ छापे मारकर 290 लीटर अवैध शराब बरामद की है। इस मामले में चार अभियोग भी पंजीकृत किए गए हैं।

 जानकारी के अनुसार आबकारी के सहायक आयुक्त एन. आर. जोशी के नेतृत्व में जनपदीय प्रवर्तन दल और काशीपुर आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कल जसपुर क्षेत्र के ग्राम कालियावाला, जगतपुर और काशीपुर के जंगलों में विभिन्न स्थानों पर आकस्मिक छापे मारे। इस दौरान कालिया वाला निवासी सुखदेव सिंह और मिंदर कौर के कब्जे से 180 लीटर अवैध शराब बरामद की। इसके अलावा जगतपुर और काशीपुर के जंगल में छापे मारकर अवैध कच्ची शराब बन रही दो भट्टियां पकड़ी। मौके पर ही भट्ठियों, शराब बनाने के उपकरण और हजारों लीटर लहन को नष्ट कर दिया गया। आबकारी विभाग की इस आकस्मिक छापामारी से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है, अभियान के दौरान 290 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई और चार अभियोग पंजीकृत किए गए। काशीपुर के आबकारी निरीक्षक दिवाकर चौधरी ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *