हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और क्लीन बनाने के लिए चल रहे सफाई अभियान ने एक माह पूरा कर लिया है और दूसरा चरण शुरू हो गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में शहर से लेकर गांव-कस्बों और मुख्य मार्गों तक सफाई अभियान तेज़ी से जारी है।
राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और लोनिवि द्वारा सड़क किनारे झाड़ी कटान, गड्ढा सुधार और सफाई कार्य किए जा रहे हैं। कई मार्गों पर अतिक्रमण हटाने और दुर्घटना रोकथाम के लिए सफेद पट्टी लगाने का कार्य भी शुरू हुआ है।
ग्रामीण क्षेत्रों में महिला स्वयं सहायता समूहों ने भी सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई है, जबकि सभी खंड विकास अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान जारी रखा। जिला पंचायत ने प्लास्टिक उपयोग करने और सफाई न रखने वाले दुकानदारों पर चालान की कार्रवाई भी की है।
धार्मिक स्थलों, पेयजल योजनाओं, मदिरा दुकानों व अन्य परिसरों में भी सफाई कार्य निरंतर चल रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपदवासियों से इस अभियान में सहयोग की अपील की है, ताकि हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुंदर वातावरण मिल सके।