देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में देहरादून मोबिलिटी प्लान को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर में यातायात संकुलन कम करने के निर्देश दिए। उन्होंने निरंजनपुर मंडी को अन्यत्र शिफ्ट करने के लिए एमडीडीए को नई जगह तलाशने को कहा। साथ ही आढ़त बाजार के पुनर्निर्माण के लिए 20 जनवरी तक शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने शहर के छह प्रमुख जंक्शनों के सुधार के लिए 15 जनवरी तक जीओ जारी करने, तैयार पार्किंग का 100 प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने और ऑन-रोड पार्किंग व्यवस्था को अन्य मार्गों में लागू करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग को एसपीवी रजिस्टर कर जनवरी में पहली बोर्ड बैठक आयोजित करने, आशारोड़ी में सीज वाहनों की पार्किंग शीघ्र शुरू करने तथा नए पार्किंग स्थलों की ग्राउंड ट्रुथिंग कराने को कहा गया। परेड ग्राउंड में अंडरग्राउंड पार्किंग की फीजिबिलिटी जांच भी जल्द कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा अवैध तारों को हटाने और जहां अंडरग्राउंड केबल का कार्य पूरा हो चुका है, वहां सड़कों को तुरंत दुरुस्त करने को कहा गया। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।