हरिद्वार: नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार कुश्म चौहान ने बताया कि उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-01 (रसायन शाखा) और प्राविधिक सहायक वर्ग-01 (अभियंत्रण शाखा) की परीक्षा 21 दिसंबर 2025 (रविवार) को उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग, हरिद्वार परीक्षा भवन (केंद्र कोड 1301) में आयोजित होगी। प्रथम पाली में सहायक कृषि अधिकारी की परीक्षा प्रातः 10 से 12 बजे तक और द्वितीय पाली में प्राविधिक सहायक की परीक्षा अपराह्न 2 से सायं 4 बजे तक होगी। परीक्षा को नकल-विहीन और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्र के आसपास 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। इस दौरान पांच या अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, धरना-प्रदर्शन, जुलूस, लाउडस्पीकर व शोर-शराबे पर रोक रहेगी। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, पेजर, पाठ्य सामग्री, हथियार व ज्वलनशील पदार्थ ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। आदेशों के उल्लंघन पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।