हरिद्वार। जनपद में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों में अनियमितताओं की शिकायतों पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिला स्तरीय अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के दौरान 100 राशन दुकानों की जांच में 65 दुकानों में अनियमितता पाई गई, जबकि 35 दुकानों का संचालन सही मिला। अनियमितता मिलने पर जिला पूर्ति अधिकारी ने 65 राशन डीलरों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। अब तक 30 डीलरों के जवाब प्राप्त हुए हैं, जिनमें कई संतोषजनक नहीं पाए गए। शेष जवाब मिलने के बाद पत्रावली जिलाधिकारी को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजी जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।