एक माह से अधिक समय से जारी सफाई अभियान, धरातल पर दिखा असर

तीर्थनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और क्लीन जनपद बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा एक माह नौ दिनों से निरंतर सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिसका सकारात्मक प्रभाव अब स्पष्ट रूप से नजर आने लगा है। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ गांव, कस्बों और प्रमुख सड़क मार्गों पर नियमित सफाई कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री के निर्देशन में जनपद को स्वच्छ, सुंदर, क्लीन एवं मॉडल जनपद बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान की स्वयं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रशासन, स्थानीय निकायों, औद्योगिक संस्थानों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है।

धार्मिक स्थलों पर भी विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपेंद्र नेगी ने बताया कि चंडी देवी पैदल मार्ग पर सफाई कराई गई, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

बीएचईएल प्रशासन भी अभियान में सक्रिय है। नगर प्रशासक एवं संपदा अधिकारी संजय पंवार के अनुसार बैरियर नंबर-5 से 132 केवी सब-स्टेशन यूपीसीएल तक टाउनशिप क्षेत्र में सफाई कराई गई। वहीं, जनप्रतिनिधियों द्वारा भी सहयोग किया जा रहा है। नवोदय नगर में मुंजाल स्कूल के सामने झाड़ियों की कटाई और नाले की सफाई कराई गई।

इसके अलावा खंड विकास अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में भी साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। खंड विकास अधिकारी खानपुर ने बताया कि खानपुर क्षेत्र में व्यापक सफाई कार्य कराया गया है। जिला प्रशासन का कहना है कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *