जनवरी से शुरू होगी ‘स्टेट प्रगति’ बैठक

देहरादून। प्रदेश में भारत सरकार के प्रगति पोर्टल की तर्ज पर योजनाओं की नियमित समीक्षा के लिए जनवरी 2026 से प्रत्येक माह स्टेट प्रगति बैठक आयोजित की जाएगी। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में पीएम प्रगति के तहत योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि राज्य व केंद्र सरकार की फ्लैगशिप और महत्वपूर्ण योजनाओं की मासिक निगरानी की जाए।

मुख्य सचिव ने पीएमश्री योजना के तहत चिन्हित स्कूलों में आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास, लाइब्रेरी की व्यवस्था शीघ्र करने के निर्देश दिए और मार्च तक सभी औपचारिकताएं पूरी करने को कहा। उन्होंने अटल टिंकरिंग लैब की तर्ज पर राज्य निधि से विद्यालयों में टिंकरिंग लैब स्थापित करने, 10–12 स्कूलों में नवोन्मेषी मॉडल तैयार कराने तथा प्रतिभाशाली शिक्षकों की तैनाती पर जोर दिया।

इसके साथ ही जिन प्राथमिक विद्यालयों में खेल मैदान नहीं हैं, उनके लिए आसपास मैदान की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। सहकारिता विभाग की समीक्षा में प्राथमिक कृषि ऋण समितियों के कम्प्यूटरीकरण, ऑन-सिस्टम ऑडिट और डे-एंड क्लोजर को शत-प्रतिशत लागू करने पर भी जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *