देहरादून। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में मंगलवार को देहरादून स्थित उनके आवास पर कार्मिक एवं पेंशनर्स संगठनों की बैठक हुई। बैठक में गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन उत्तराखंड की ओर से प्रांतीय अध्यक्ष चौ. ओमवीर सिंह और जिला अध्यक्ष ठाकुर शेर सिंह थापली ने प्रतिभाग किया। पेंशनर्स ने गोल्डन कार्ड योजना में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक संशोधन की मांग उठाई।
स्वास्थ्य मंत्री ने गोल्डन कार्ड के लिए कार्मिकों का अंशदान बढ़ाने की बात कही। इस पर ठाकुर शेर सिंह थापली ने पेंशनर्स के अंशदान में बढ़ोतरी का विरोध किया। उन्होंने कहा कि कार्मिकों का अंशदान बढ़ाने पर संगठन को आपत्ति नहीं है, लेकिन पेंशनर्स का अंशदान किसी भी स्थिति में बढ़ाया जाना स्वीकार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स की पेंशन कार्मिकों के वेतन से काफी कम होती है और सेवानिवृत्ति के बाद परिवार भी सीमित होकर सामान्यतः दो सदस्यों तक रह जाता है। ऐसे में पेंशनर्स के अंशदान को कम किया जाना न्यायोचित होगा।
पेंशनर्स संगठन ने सरकार को निःशुल्क चिकित्सा व्यवस्था के अपने संकल्प और दायित्व की याद दिलाते हुए सीजीएचएस की तर्ज पर कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था लागू करने की मांग भी रखी।
बैठक में स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे, प्राधिकरण के सीईओ हयांकी सहित सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अरुण पांडे, प्रदेश महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट, सुमन सिंह वल्दिया समेत विभिन्न कर्मचारी एवं पेंशनर्स संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।