हरिद्वार। पंचपुरी ऑटो रिक्शा विक्रम एसोसिएशन, ललतारौ पुल, हरिद्वार की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सभी ऑटो मालिक एवं चालक उपस्थित रहे। बैठक में सर्वसम्मति से वर्ष 2025 की यूनियन को भंग करते हुए वरिष्ठ सदस्य जीवानन्द भट्ट को वर्ष 2026 के लिए एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया। नवनियुक्त अध्यक्ष जीवानन्द भट्ट का सभी सदस्यों द्वारा फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर संस्था के संरक्षक एवं भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी ने कहा कि आपसी एकजुटता से ही ऑटो चालकों की समस्याओं का समाधान संभव है। उन्होंने नवनियुक्त अध्यक्ष से अपेक्षा व्यक्त की कि वे सभी वाहन चालकों और पूर्व पदाधिकारियों को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत करेंगे। अनिरुद्ध भाटी ने कहा कि ऑटो चालक तीर्थनगरी हरिद्वार के ब्रांड एम्बेसडर हैं, क्योंकि सबसे पहले यात्री का संपर्क उन्हीं से होता है। ऐसे में सभी चालकों को यात्रियों के साथ विनम्र एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करना चाहिए, जिससे तीर्थनगरी का सकारात्मक संदेश पूरे देश में जाए।
नवनियुक्त अध्यक्ष जीवानन्द भट्ट ने सभी ऑटो चालकों एवं मालिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह के भीतर कार्यकारिणी का गठन कर लिया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन प्रमोद कुमार उपाध्याय ने किया। बैठक में मुख्य रूप से कवलजीत, इसरार, बाला, शंकर शर्मा, बादल शर्मा, बबलू, अमित कुमार, नीटू, संजू, वसीम, देवेन्द्र कुमार, अनिल, लोकेश, चंदा, पिंटू अग्रवाल, मंगल, पप्पू, सुखीराम, संजय, प्रीतपाल, मोनू, इंद्रराज, रोहित, ब्रह्मपाल, मुकेश, जोगिन्द्र सहित बड़ी संख्या में ऑटो चालक एवं मालिक उपस्थित रहे।