देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में 215 नवनियुक्त उपनिरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 104 उपनिरीक्षक, 88 गुल्म नायक (पीएसी) और 23 अग्निशमन द्वितीय अधिकारी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस राज्य की कानून-व्यवस्था, जन सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की रीढ़ है। उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों से ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ दायित्व निभाने का आह्वान किया। नशा, साइबर अपराध, महिला अपराध, यातायात, आपदा प्रबंधन, चारधाम और कांवड़ यात्रा जैसे मोर्चों पर पुलिस की अहम भूमिका बताते हुए उन्होंने ‘स्मार्ट पुलिस’ के विजन पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस के आधुनिकीकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। बीते तीन वर्षों में आवास के लिए लगभग 500 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं और कैशलैस स्वास्थ्य सुविधा दी गई है। महिला अपराधों के निस्तारण में राज्य ने राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून से भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आई है और चार वर्षों में 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।