देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाथीबड़कला, देहरादून में आयोजित पूर्व सैनिक मिलन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सैनिकों और पूर्व सैनिकों की वीर भूमि है और राज्य सरकार उनके सम्मान, पुनर्वास व कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सैनिकों और पूर्व सैनिकों के हित में ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं, जिससे सशस्त्र बलों का मनोबल बढ़ा है। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि धामी सरकार ने सैनिकों व शहीदों के सम्मान राशि में वृद्धि की है और शहीद जवानों के परिजनों को सरकारी नौकरी देने का निर्णय लिया है। अब तक 28 शहीदों के परिजनों को रोजगार दिया जा चुका है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक व सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे।